

आसनसोल : आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के डिपोपाड़ा स्थित एसबीआई एटीएम में एक बार फिर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सोमवार शाम एटीएम में क्लिप लगाए जाने की घटना ने हड़कंप मचा दिया। स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। इससे पहले भी इसी एटीएम में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
घटना के अनुसार, एक व्यक्ति एटीएम से ₹5000 निकालने के लिए प्रक्रिया पूरी कर चुका था, लेकिन पैसे नहीं निकले। हालांकि, उनके मोबाइल पर ₹5000 कटने का संदेश आ गया। यह देखकर वह घबरा गए। इसी दौरान एटीएम के बाहर खड़ा एक अन्य व्यक्ति अंदर आया और उसने स्थिति को जांचा। जब उसने मशीन को ध्यानपूर्वक देखा, तो पाया कि पैसे निकलने वाले स्थान पर एक क्लिप लगी हुई है। जैसे ही क्लिप हटाई गई, कटे हुए ₹5000 बाहर निकल आए।

स्थानीय व्यापार संघ के सचिव आशीष कृष्ण चटर्जी ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “यह पहली बार नहीं है जब इस एटीएम में ऐसी घटना हुई हो। पूर्व में भी डिपोपाड़ा के इस एटीएम में छेड़छाड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। बाजार खुला होने के कारण इस बार पीड़ित का पैसा बच गया, लेकिन रात के समय ऐसी घटनाओं में कोई मदद नहीं मिल पाती।”
चटर्जी ने बताया कि इस एटीएम में तीन कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन एक भी काम नहीं कर रहा है। उन्होंने पुलिस और बैंक अधिकारियों से सुरक्षा बढ़ाने और तकनीकी खामियों को दूर करने की मांग की।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चटर्जी ने पुलिस से अनुरोध किया कि या तो इस एटीएम पर सुरक्षाकर्मी तैनात किया जाए या कैमरों की मरम्मत कराई जाए। अन्यथा, असामाजिक तत्व ऐसी घटनाओं को बार-बार अंजाम देंगे।
इससे पहले भी डिपोपाड़ा के इसी एटीएम में क्लिप लगाकर धोखाधड़ी की घटना सामने आ चुकी है। स्थानीय निवासियों ने बैंक और पुलिस प्रशासन से तुरंत प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31