
आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के 52 नंबर वार्ड की पार्षद मौसमी बसु के कोर्ट मोड़ स्थित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पार्टी कार्यालय पर असामाजिक गतिविधियों का मामला सामने आया है। सोमवार रात अज्ञात व्यक्तियों ने पार्टी कार्यालय के सामने लगे टीएमसी के बैनर को फाड़ दिया और दरवाजे पर लगे तार को खोलने का प्रयास किया।

पार्षद मौसमी बसु ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वह कार्यालय पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि दीवार पर लगाया गया टीएमसी का बैनर फटा हुआ था और कार्यालय के मुख्य दरवाजे पर बंधा तार खोलने की कोशिश की गई थी। इस घटना को उन्होंने असामाजिक तत्वों की साजिश करार देते हुए कहा कि यह किसी आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्ति का कृत्य प्रतीत होता है।

मौसमी बसु ने कहा, “यह घटना गंभीर है और इससे पार्टी कार्यालय की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न उठता है। यह किसी मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति का काम नहीं लग रहा, बल्कि असामाजिक तत्वों की सुनियोजित हरकत है।” उन्होंने मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को दे दी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना ने पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष उत्पन्न कर दिया है। पार्षद ने कहा कि यह घटना पार्टी को बदनाम करने और संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हो सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस प्रकार की हरकतों से भयभीत नहीं होगी और दोषियों को कानून के माध्यम से सबक सिखाया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना से क्षेत्र में राजनीतिक तनाव की स्थिति बन गई है।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31