
आसनसोल : सरसों तेल में मिलावट की शिकायतों के मद्देनज़र आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय की प्रवर्तन शाखा (ईबी) ने उत्तर थाना अंतर्गत शीतला मोड़ स्थित निकिता ट्रेडर्स पर छापेमारी की। अधिकारियों की टीम ने प्रतिष्ठान से सरसों तेल व रिफाइंड तेल के अनेक नमूने जब्त कर जांच हेतु फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेज दिए। सूत्रों के अनुसार, प्रतिष्ठान में नामी ब्रांड के तेल में मिलावट किए जाने की गोपनीय सूचना विभाग को प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन अधिकारियों ने प्रतिष्ठान में गहन तलाशी लेते हुए तेल के कंटेनरों की बारीकी से जांच की। प्राथमिक निरीक्षण में संदेहास्पद तेल के कुछ डिब्बे पाए गए, जिन्हें प्रयोगशाला परीक्षण हेतु जब्त किया गया। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के पश्चात ही तेल में मिलावट की पुष्टि हो सकेगी। यदि रिपोर्ट में मिलावट सिद्ध होती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान एवं व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिष्ठान मालिक ने आरोपों को किया खारिज
इस कार्रवाई पर निकिता ट्रेडर्स के स्वामी इंद्र प्रसाद साव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से नकार दिया। उनका कहना है कि उनकी दुकान में केवल री-पैकेजिंग का कार्य किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके प्रतिष्ठान में राजस्थान से सरसों तेल एवं बर्दवान से राइस ब्रान तेल लाकर पुराने टीनों में भरकर बेचा जाता था, किंतु किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं की जाती।

सरसों तेल में मिलावट की शिकायतें उपभोक्ताओं में चिंता का विषय बनी हुई हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यदि जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी ताकि आम जनता की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।















Users Today : 41
Users Yesterday : 14