
आसनसोल : आसनसोल-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्रों में संगठित कोयला माफिया के विरुद्ध केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अभियान तेज कर दिया है। पिछले 24 घंटों में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी कर 75 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त डीजल, रोलर्स, मोटरसाइकिल और साइकिलें भी बरामद की गईं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 4.5 लाख रुपये आंका गया है।
डीआईजी केपी सिंह की सख्ती, ईसीएल अधिकारियों संग उच्च स्तरीय बैठक
इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सीआईएसएफ के वरिष्ठ डीआईजी केपी सिंह ने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सतीश झा संग महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें खनन क्षेत्रों में सुरक्षा कड़े करने और अवैध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए।

ईसीएल क्षेत्र में 80 खदानें, माफियाओं पर लगातार नजर
सीआईएसएफ के अनुसार, ईसीएल क्षेत्र में कुल 80 खदानें हैं, जिनमें से 23 ओपन कास्ट, 48 भूमिगत तथा 9 मिश्रित श्रेणी में आती हैं। पिछले वर्ष की कार्रवाई में 14.2 करोड़ रुपये मूल्य का कोयला व अन्य संसाधन जब्त किए गए थे।

कोयला तस्करों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई का संकल्प
सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोयला माफिया का नेटवर्क बिखरने की कगार पर है। हालांकि, छोटे स्तर पर सक्रिय तस्करों को भी समाप्त करने के लिए निरंतर छापेमारी जारी रहेगी। अधिकारी ने कहा, “हम अवैध खनन के पूरे तंत्र को जड़ से समाप्त करने के लिए कटिबद्ध हैं।”
सीआईएसएफ की कड़ी कार्रवाई से कोयला माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का दावा है कि अवैध खनन पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने तक यह अभियान जारी रहेगा।















Users Today : 43
Users Yesterday : 14