
रानिगंज : शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब सड़क पर चलते लोगों ने एक कुत्ते को अपने मुंह में नवजात बच्ची का शव ले जाते देखा। यह दृश्य देख लोग सहम गए और कुत्ते को दौड़ाकर भगाया। जैसे ही कुत्ता भागा, उसने नवजात को सड़क पर छोड़ दिया। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह बच्ची मृत थी।
यह घटना बुधवार को स्कूल मोड़ के पास राजपाड़ा जाने वाली सड़क पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। नवजात को इस तरह लावारिस हालत में देखकर स्थानीय लोगों में गुस्सा और आक्रोश फैल गया। लोग यह सोचकर दंग रह गए कि आखिर कौन अपनी संतान को इस तरह फेंक सकता है।

कुछ लोगों का मानना है कि यह किसी अविवाहित मां की संतान हो सकती है, जिसे समाज के डर से कूड़ेदान में फेंक दिया गया। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि बच्ची के जन्म के बाद किसी ने उसे बेटी होने की वजह से छोड़ दिया होगा। दूसरी ओर, कुछ स्थानीय लोग कयास लगा रहे हैं कि आसपास के अस्पतालों या नर्सिंग होम में जन्म के दौरान किसी नवजात की मौत हो गई होगी, जिसके बाद परिजनों ने शव को गैरकानूनी तरीके से ठिकाने लगाने के लिए कूड़ेदान में डाल दिया होगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बच्ची को कहां और किसने फेंका। इसके लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुट गई है।















Users Today : 44
Users Yesterday : 14