
आसनसोल : फिल्म अभिनेता एवं आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रयागराज महाकुंभ की अव्यवस्थाओं को लेकर केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार सच्चाई छुपाने का प्रयास कर रही है, किंतु जमीनी हकीकत यह है कि महाकुंभ की व्यवस्थाएँ पूरी तरह चरमरा चुकी हैं।
सांसद सिन्हा ने सरकार को प्रशासनिक कुप्रबंधन के लिए आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुंभ में श्रद्धालु घंटों तक स्नान हेतु प्रतीक्षा करने को विवश हैं, अव्यवस्था के कारण धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो रही है और संपूर्ण आयोजन अव्यवस्थित रूप धारण कर चुका है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सीखने की सलाह दी।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, “बंगाल में गंगासागर मेले का संचालन अनुकरणीय है। वहाँ श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित व्यवस्थाएँ मिलती हैं, कोई भी वीआईपी लाइन नहीं होती। आम नागरिक और विशिष्ट व्यक्ति एक समान सुविधाओं का लाभ लेते हैं। योगी सरकार को गंगासागर मेले के कुशल प्रबंधन से सीखना चाहिए कि भव्य धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से कैसे संचालित किया जाता है।”
इसके साथ ही, उन्होंने मीडिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर कुछ मीडिया संस्थान वास्तविकता को जनता से छुपा रहे हैं। उन्होंने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा, “अखबार भी तुम्हारा, कानून भी तुम्हारा, दरबार भी तुम्हारा।” सिन्हा का आरोप था कि गोदी मीडिया सरकार की विफलताओं को छुपाने में लगा है और आम जनता को वस्तुस्थिति से अवगत नहीं करवा रहा।

शत्रुघ्न सिन्हा के इन बयानों से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। उनके वक्तव्य को बीजेपी विरोधी राजनीतिक रुख के रूप में देखा जा रहा है। उनके इस बयान पर अब तक बीजेपी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान आगामी चुनावी परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मुद्दा बन सकता है।















Users Today : 46
Users Yesterday : 14