
आसनसोल : शहर में जी.टी. रोड पर व्याप्त धूलकणों की समस्या को लेकर आदिकर्ण फाउंडेशन की ओर से आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय को एक आवेदन पत्र सौंपा गया। इस ज्ञापन के माध्यम से एनजीओ के चेयरपर्सन संतोष कुमार वर्मा ने नगर निगम से धूल नियंत्रण के लिए टैंकरों से नियमित जल छिड़काव की मांग की।
संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि नियामतपुर से डिशंगढ़ घाट, न्यू रोड से चलबलपुर, सालानपुर, रूपनारायणपुर, देंदुवा कल्याणिस्वरी रोड, नियामतपुर से धेमोमेंन और इस्को बाईपास रोड सहित अनेक क्षेत्रों में धूल प्रदूषण से स्थानीय लोग, दुकानदार और राहगीर अत्यधिक प्रभावित हो रहे हैं। कोयलांचल एवं शिल्पांचल क्षेत्रों से गुजरने वाले मालवाहक ट्रकों, रेलवे साइडिंग से उड़ने वाली राख (फ्लाई ऐश) तथा अन्य औद्योगिक गतिविधियों के कारण वातावरण में धूल कणों की अधिकता देखी जा रही है, जिससे सांस संबंधी रोगों का खतरा बढ़ गया है।

मेयर से हुई वार्ता में एनजीओ ने नगर निगम से शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि महज दो दिन पूर्व इस विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई थी, जिसमें नगर निगम ने धूल नियंत्रण के प्रभावी उपायों पर चर्चा की थी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नगर निगम शीघ्र ही जल छिड़काव की योजना को अमल में लाएगा, जिससे जनता को राहत मिल सके।

आदिकर्ण फाउंडेशन ने नगर निगम के साथ मिलकर स्वास्थ्य संबंधी सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों पर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। संगठन का मानना है कि धूल प्रदूषण फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है तथा दीर्घकालिक श्वसन संबंधी रोगों का कारण बन सकता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एनजीओ के सदस्य काजल दास, निर्मल माझी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संस्था ने प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की अपील की, जिससे आम नागरिकों को शुद्ध वायु में सांस लेने का अधिकार सुनिश्चित हो सके।















Users Today : 2
Users Yesterday : 23