
आसनसोल : नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर नकेल कसते हुए पुलिस और डीडी की संयुक्त टीम ने आसनसोल साउथ पीपी क्षेत्र के कुमारपुर स्थित मनोज सिनेमा हॉल के निकट बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर स्कूटी सवार तीन संदिग्धों को रोका। जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास मौजूद बैग से 10 किलो गांजा बरामद किया गया।

सूत्रों के अनुसार, यह नशीला पदार्थ आसनसोल से बाहर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था और इसके तार किसी बड़े तस्कर सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन ठिकानों पर सप्लाई किया जाना था।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में आसनसोल और उसके आसपास नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। कुछ दिन पूर्व ही पुलिस ने बड़े अभियान में करीब एक क्विंटल गांजा के साथ दस तस्करों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों से स्पष्ट है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों का काला कारोबार अपने पैर पसार रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए निगरानी और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड कौन है और किन-किन इलाकों में इनका नेटवर्क फैला हुआ है।















Users Today : 20
Users Yesterday : 23