
आसनसोल : लंबे समय से आसनसोल के थोक बाजार को काली पहाड़ी में स्थानांतरित करने की योजना पर प्रशासनिक स्तर पर विचार-विमर्श जारी था। इसी क्रम में, जिला शासक एस. पोन्नंबलम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आसनसोल नगर निगम के डिप्टी मेयर वसीम उल हक, एमएमआईसी गुरदास चटर्जी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत के दौरान डिप्टी मेयर वसीम उल हक ने बताया कि 18 मार्च को सर्किट हाउस में थोक फल बाजार के व्यापारियों के स्थानांतरण हेतु लॉटरी प्रक्रिया संपन्न होगी। प्रारंभिक चरण में 30 व्यापारियों को लॉटरी के माध्यम से चुना जाएगा, जिन्हें 20 अप्रैल तक काली पहाड़ी में नई जगह पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

इस संबंध में एमएमआईसी गुरदास चटर्जी ने स्पष्ट किया कि 18 मार्च को आयोजित लॉटरी में 30 व्यापारियों को काली पहाड़ी स्थित थोक फल बाजार में दुकानें आवंटित की जाएंगी। इसके उपरांत चरणबद्ध तरीके से शाक-सब्जी एवं मछली बाजार को भी आसनसोल बाजार क्षेत्र से हटाकर काली पहाड़ी में स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि भविष्य में आसनसोल बाजार क्षेत्र में किसी भी प्रकार के थोक व्यापार को संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। समस्त थोक व्यवसाय को अनिवार्य रूप से काली पहाड़ी स्थानांतरित किया जाएगा।

प्रशासन का यह कदम शहर के यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने एवं बाजार क्षेत्र में भीड़भाड़ को नियंत्रित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। हालाँकि, कुछ व्यापारी इस स्थानांतरण को लेकर असमंजस में हैं, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय व्यापारियों की सहूलियत और शहर की संरचनागत व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।















Users Today : 17
Users Yesterday : 23