
आसनसोल : पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना एवं संस्कृति विभाग तथा बाल किशोर अकादमी के तत्वावधान में पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन एवं आसनसोल फिल्म अकादमी के सहयोग से तीन दिवसीय बाल फिल्म महोत्सव का आयोजन 21 से 23 मार्च तक आसनसोल के रवींद्र भवन में किया जा रहा है। लेकिन इस सरकारी आयोजन के निमंत्रण पत्र में आसनसोल नगर निगम के महापौर विधान उपाध्याय का नाम नदारद रहने से राजनीतिक गलियारों में विवाद खड़ा हो गया है। उद्घाटन समारोह में महापौर की अनुपस्थिति ने इस विवाद को और गहरा कर दिया है।

निमंत्रण पत्र से महापौर का नाम नदारद, विपक्ष का तंज
सरकारी आमंत्रण पत्र में राज्य के तीन मंत्रियों, आसनसोल के सांसद, जिला परिषद के सभाधिपति और जिलाधिकारी का नाम तो शामिल है, मगर आसनसोल नगर निगम के महापौर का नाम न होने से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस मुद्दे पर भाजपा के प्रदेश समिति सदस्य कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह साफ दर्शाता है कि पार्टी के भीतर गुटबाजी चरम पर है। उन्होंने तृणमूल नेतृत्व पर आरोप लगाते हुए कहा कि महापौर को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया है, जो प्रशासनिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

तृणमूल ने किया विवाद खारिज
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। इस संबंध में पश्चिम बर्दवान जिला सूचना एवं संस्कृति विभाग के प्रभारी अधिकारी नरेन्द्रनाथ दत्त ने सफाई देते हुए कहा कि आमंत्रण पत्र में नाम छूट जाने के पीछे कोई विशेष कारण नहीं है। इसमें केवल प्रमुख प्रशासनिक और सरकारी पदाधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं। उन्होंने इस मामले को महज एक संयोग बताया।
महापौर की चुप्पी, लेकिन समारोह से रहे दूर
महापौर विधान उपाध्याय से जब इस बारे में प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा, “यह एक सरकारी कार्यक्रम है, इसमें कोई विवाद की बात नहीं है। मैं इसमें शामिल होऊंगा।” लेकिन उद्घाटन समारोह में उनकी अनुपस्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

राजनीतिक मायने और भविष्य की दिशा
विपक्ष का दावा है कि तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी कलह के चलते महापौर को आयोजन से दूर रखा गया है। हालांकि, तृणमूल इसे महज एक प्रशासनिक भूल बता रही है। लेकिन महापौर की अनुपस्थिति ने इसे और संदेहास्पद बना दिया है। आने वाले दिनों में यह विवाद और गहरा सकता है, जिससे आसनसोल की राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ने की पूरी संभावना है।















Users Today : 12
Users Yesterday : 23