
आसनसोल : रेलपार क्षेत्र के बहुचर्चित मोहम्मद तहसीन अहमद पर अज्ञात हमलावरों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने से समूचे शिल्पांचल में सनसनी फैल गई है। गंभीर रूप से घायल तहसीन का दुर्गापुर के एक अस्पताल में इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने तहसीन को फोन कर ज्योतिनगर क्षेत्र में बुलाया। आमतौर पर तहसीन अकेले बाहर नहीं जाते, किंतु संभवतः परिचित व्यक्ति के बुलावे पर वह अपनी बाइक से अकेले ही वहां पहुंच गए। इसी दौरान घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार अथवा ब्लेड से हमला कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले का उद्देश्य संभवतः डराना या चेतावनी देना था, क्योंकि हमला गहरे घाव देने के बजाय सतही रूप से किया गया प्रतीत होता है। हालांकि, इस नृशंस हमले के पीछे की असल वजह का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही संभव होगा।

मोहम्मद तहसीन न केवल रेलपार, बल्कि संपूर्ण शिल्पांचल में एक चर्चित व्यक्तित्व के रूप में पहचान रखते हैं। उनके ऊपर हुए इस हमले के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों में रोष और चिंता व्याप्त है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और हमलावरों की तलाश में जुटी है। वहीं, तहसीन के समर्थकों और स्थानीय निवासियों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।















Users Today : 12
Users Yesterday : 23