
आसनसोल : नगर निगम के 44 नंबर वार्ड स्थित चुना भट्टी एवं बाजार क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का शिलान्यास आज नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर 44 नंबर वार्ड के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी विनोद गुप्ता, विमल जालान सहित वार्ड के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिलान्यास समारोह के दौरान चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए सतत प्रयत्नशील है। इसी क्रम में आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में भी आधारभूत संरचना के विकास हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्थानीय निवासियों की दीर्घकालिक मांग को ध्यान में रखते हुए चुना भट्टी एवं बाजार इलाके में पेवर ब्लॉक लगाने का निर्णय लिया गया, जिसका शिलान्यास आज किया गया।

उन्होंने आगे कहा कि यह कार्य पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुगमता प्राप्त होगी तथा बरसात के दिनों में जलभराव व कीचड़ की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र के अन्य आवश्यक विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय निवासियों ने नगर निगम एवं चेयरमैन का आभार व्यक्त किया तथा आशा जताई कि यह कार्य शीघ्र पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा।
















Users Today : 9
Users Yesterday : 23