
आसनसोल : राज्य वन विभाग की गुप्तचर शाखा व पुलिस प्रशासन के संयुक्त अभियान में निषिद्ध श्रेणी के पक्षियों को अवैध रूप से रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल वन विभाग मुख्यालय, कोलकाता से आए विशेष अधिकारियों के नेतृत्व में आसनसोल टेरिटोरियल रेंज एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन की संयुक्त समन्वय से की गई।

सूत्रों के अनुसार, बुधा ग्राम स्थित एक निजी आवास में अफ्रीकी म्यूट स्वान प्रजाति के आठ दुर्लभ पक्षियों को अवैध रूप से पाले जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। इस संवेदनशील प्रकरण पर राज्य वन्यजीव संरक्षण प्रकोष्ठ ने विशेष रणनीतिक योजना तैयार कर अचानक छापेमारी अभियान संचालित किया। इस दौरान अत्यंत गोपनीयता बरतते हुए सावधानीपूर्वक चयनित अधिकारियों को अभियान में सम्मिलित किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की सूचना लीक न हो।

अभियान के तहत, संदिग्ध स्थल पर दोपहर में दबिश दी गई, जहां से प्रतिबंधित पक्षियों को जब्त कर बर्दवान चिड़ियाघर भेज दिया गया। इस कृत्य में संलिप्त साइकत हाजरा (26) को हिरासत में लिया गया, जो कि लाइसेंसधारी सामान्य पक्षी व्यापार से जुड़ा था किंतु अफ्रीकी म्यूट स्वान प्रजाति के पक्षियों को पालने हेतु उसके पास किसी भी प्रकार की वैध अनुमति उपलब्ध नहीं थी।

अदालत में प्रस्तुत किए जाने पर न्यायाधीश ने अभियुक्त की जमानत याचिका अस्वीकार कर न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई राज्य में वन्यजीव अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।















Users Today : 5
Users Yesterday : 23