
आसनसोल : अपराध पर नकेल कसते हुए पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे दो अपराधियों को आग्नेयास्त्र सहित गिरफ्तार किया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहे। अदालत ने गिरफ्तार आरोपियों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात्रि लगभग 11:45 बजे दुर्गापुर थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी, जब आमराई मोड़ के समीप स्थित नीलडांगा मैदान के पास एक चारपहिया वाहन संदिग्ध अवस्था में खड़ा पाया गया। वाहन के निकट 5-6 युवक आपस में गहन चर्चा में लिप्त थे। पुलिस को देखते ही वे भागने का प्रयास करने लगे, परंतु मुस्तैद पुलिस दल ने दो अपराधियों को धर-दबोचा, जबकि अन्य फरार हो गए। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान साहेब अंसारी (25), निवासी ए-ज़ोन पावर हाउस बस्ती, एवं राजू शेख (22), निवासी ईदगाहपाड़ा, रणिगंज के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके से एक देशी एकनला बंदूक, एक धारदार हथियार तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। इसके अतिरिक्त, अपराधियों द्वारा उपयोग में लाई जा रही चारपहिया वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

रविवार को दोनों अपराधियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस अब फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है और इस गिरोह के अन्य आपराधिक कृत्यों की गहन जांच कर रही है।















Users Today : 5
Users Yesterday : 23