
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान जिले के कुल्टी थाना क्षेत्र में राशन वितरण प्रणाली को लेकर गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। कुल्टी विधानसभा के युवा भाजपा नेता और समाजसेवी टिंकु वर्मा ने जिला प्रशासन, डिस्ट्रीब्यूटर और राशन डीलरों पर सीधे तौर पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।

श्री वर्मा ने कहा कि कुल्टी क्षेत्र के राशन डीलरों द्वारा वितरित किए जा रहे आटे की गुणवत्ता अत्यंत खराब है और उसका वितरण प्लास्टिक पैकेटों में किया जा रहा है, जिन पर विभिन्न तारीखों की समाप्ति (एक्सपायरी) अंकित है। उन्होंने बताया कि कुछ पैकेटों की एक्सपायरी 8 अप्रैल, 12 अप्रैल, 14 अप्रैल और 25 अप्रैल की है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी व्यक्ति को एक बार में कई पैकेट आटा दिया जाए, तो क्या वह सभी पैकेट एक दिन में उपयोग कर सकता है?

भाजपा नेता ने जिला दण्डाधिकारी से अपील की कि वे तत्काल इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराएं, ताकि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल कार्यालय और डिस्ट्रीब्यूटर की लापरवाही के चलते राज्य और केंद्र सरकार की जन वितरण प्रणाली की साख को नुकसान पहुंच रहा है।

टिंकु वर्मा ने आगे कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए गेहूं को राज्य सरकार सीधे वितरण न कर, मिल मालिकों से पिसवाकर आटा बनवाती है, जिससे गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार और मिल मालिकों के बीच सांठगांठ से यह पूरा खेल चल रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही इस मुद्दे को लेकर जिला प्रशासन को एक लिखित याचिका सौंपेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगा। राशन वितरण में हो रहे इस कथित घोटाले को लेकर स्थानीय जनता में भी नाराजगी देखी जा रही है।














Users Today : 0
Users Yesterday : 23