
रानीगंज : बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित रैली में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक बस की दुर्घटना ने जश्न के माहौल को गमगीन कर दिया। यह हृदयविदारक हादसा सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पंजाबी मोड़ और चुन भट्टी क्षेत्र के बीच हुआ।

जानकारी के अनुसार, चिचुड़िया से रानीगंज की ओर आ रही बस में महिलाएं और बच्चे सवार थे, जो अम्बेडकर जयंती की शोभायात्रा में भाग लेने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक डम्पर से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस दुर्घटना में बस चालक सहित कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें चार महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को तत्परता से आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बस चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रानीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक डम्पर के ब्रेक लगाने से यह टक्कर हुई। फिलहाल पुलिस ने डम्पर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना की जांच जारी है।
यह हादसा ऐसे समय में हुआ जब पूरा क्षेत्र अम्बेडकर जयंती की तैयारियों में जुटा था। दुर्घटना की खबर से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

रैली के आयोजकों ने भी दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है और घायल परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। पुलिस प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।















Users Today : 22
Users Yesterday : 26