
आसनसोल : पश्चिम बर्धमान जिले के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नियामतपुर न्यू रोड की जर्जर हालत को लेकर सोमवार दोपहर को INTUC सेवादल समिति की ओर से तीव्र विरोध प्रदर्शन किया गया। लंबे समय से सड़क की हालत खराब होने और उस पर पड़े बड़े-बड़े पत्थरों की वजह से आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से आक्रोशित होकर कार्यकर्ताओं ने जीटी रोड पर बैठकर रास्ता जाम किया।

यह प्रदर्शन दोपहर 12:30 बजे शुरू हुआ, जिसमें सेवादल समिति के पश्चिम बर्धमान जिला अध्यक्ष राजेश्वर शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि कई बार ध्यान आकर्षित कराने के बाद भी सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। सड़क की खस्ताहाल स्थिति की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, साथ ही दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ती जा रही है।

जैसे ही प्रदर्शन की खबर प्रशासन तक पहुंची, कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर फाड़ी की पुलिस और नियामतपुर ट्रैफिक गार्ड मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर लगभग 20 मिनट बाद रास्ता जाम समाप्त कराया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो भविष्य में और भी बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय निवासियों का भी कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है और इसकी दयनीय स्थिति से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए।















Users Today : 22
Users Yesterday : 26