

अंडाल : अंडाल मोड़ स्थित ट्रैफिक गार्ड थाना को अब अपने नवीन स्वरूप में विस्तारित सुविधाओं के साथ एक स्थायी भवन प्राप्त हो गया है। मंगलवार को इस नव निर्मित भवन का औपचारिक उद्घाटन आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त श्री सुनील कुमार चौधरी ने संपन्न किया।
इस अवसर पर यातायात विभाग के उपायुक्त श्री वी.जे. सतीश पशुमर्थी, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) श्री राजकुमार मालाकार सहित अनेकों वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त श्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 2011 में अंडाल ट्रैफिक गार्ड थाना की स्थापना की गई थी, जो विगत वर्षों से अंडाल मोड़ पर एक अत्यंत संकुचित कक्ष में संचालित हो रहा था। सीमित स्थान एवं संसाधनों के बीच भी पुलिसकर्मियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन अत्यंत कर्मठता से किया।
उन्होंने बताया कि ट्रैफिक गार्ड की अत्यधिक व्यस्तता, क्षेत्रीय परिवहन दबाव तथा विस्तारित दायित्वों को दृष्टिगत रखते हुए एक समुचित, सुव्यवस्थित तथा आधुनिक भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी के परिप्रेक्ष्य में नवीन थाना भवन का निर्माण किया गया है, जिसमें अधिकारीगण हेतु पृथक-पृथक कक्ष, कर्मचारियों हेतु कार्यालयीन कार्य की उपयुक्त व्यवस्था, तथा सभी मूलभूत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि उत्तम कार्य हेतु अनुकूल वातावरण अत्यंत आवश्यक होता है। नया भवन न केवल कार्यकुशलता में वृद्धि करेगा, बल्कि पुलिसकर्मियों के मनोबल को भी ऊँचाई प्रदान करेगा। साथ ही, स्थानीय जनता के लिए यह भवन एक प्रभावी सहायता केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

उद्घाटन अवसर पर पुलिस बैंड की मधुर ध्वनि एवं अनुशासित परेड ने समारोह को गरिमामय रूप प्रदान किया। स्थानीय नागरिकों ने भी इस विकास कार्य की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।















Users Today : 20
Users Yesterday : 26