
आसनसोल : पश्चिम बर्धमान जनपद अंतर्गत तृणमूल कांग्रेस ने आगामी चुनावों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से ‘वोट रक्षा अभियान’ का शुभारंभ किया है। बुधवार को आसनसोल स्थित राहा लेन में जिला तृणमूल कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के माध्यम से इस अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के नेतृत्व में राज्य तृणमूल के प्रदेश सचिव एवं जिला बीएलए-1 प्रभारी श्री वी. शिवदासन दासु, जामुड़िया विधायक श्री हरेराम सिंह, उपमहापौर श्री अभिजीत घटक, एमएमआईसी श्री दिव्येंदु भगत एवं छात्र नेता श्री अभिनव मुखर्जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

जिला अध्यक्ष चक्रवर्ती ने स्पष्ट शब्दों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा द्वारा सुनियोजित षड्यंत्र के तहत नकली मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप वे सत्ता प्राप्त करने में सफल रहे। उन्होंने चेताया कि पश्चिम बंगाल में ऐसे किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशानुसार प्रारंभ किए गए ‘वोट रक्षा अभियान’ का मूल उद्देश्य वास्तविक मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करना एवं फर्जी मतदाताओं को सूची से बाहर रखना है। इस अभियान के अंतर्गत तृणमूल कांग्रेस द्वारा टाउन, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर बीएलओ-1 और बीएलओ-2 समेत नवीन स्तरों पर जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक कार्यकर्ता को ‘दीदीर दूत’ नामक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से सशक्त किया गया है, जो मतदाता सूची के सत्यापन एवं संदिग्ध नामों की पहचान में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

चक्रवर्ती ने जानकारी दी कि जिला से लेकर बूथ स्तर तक लगभग एक लाख कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों से अभियान से जोड़ा गया है एवं उन्हें आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया गया है, ताकि वे मतदाता सूची को अद्यतन एवं प्रामाणिक बनाए रखने में सक्रिय योगदान दे सकें।

भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक उन्माद फैलाकर प्रदेश की शांति भंग करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने चेताया, “भाजपा यह न भूले कि जिस आग को वे जलाना चाहते हैं, उसकी लपटें स्वयं उन्हें भी झुलसा देंगी।”














Users Today : 20
Users Yesterday : 26