

आसनसोल : दिनांक 17.04.2025 को संध्या 5 बजे, आल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) के तत्वावधान में आसनसोल लोबी प्रांगण के समक्ष रनिंग कर्मचारियों द्वारा एक सशक्त एवं उग्र विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह विरोध मुख्यतः सहायक लोको पायलट (ALP) से हैंड ब्रेक खोलने एवं बंद करने के कार्य लिए जाने तथा बहु-अनुशासनात्मक समिति (Multi-Disciplinary Committee) की प्रतिवेदन के विरोध में किया गया।
इस अवसर पर AILRSA के मंडल सचिव आर.के. सिंह, पूर्व मंडल सचिव श्री अवधेश प्रसाद, आसनसोल शाखा सचिव पी.के. सिंह, शाखा अध्यक्ष गोपाल प्रसाद, वरिष्ठ कार्यकर्ता एस.के. प्रसाद, आनंद शर्मा एवं अन्य अनेक कर्मठ सदस्यों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए मंच से सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।
वक्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सहायक लोको पायलटों से हैंड ब्रेक के यांत्रिक कार्य कराना रेलवे के कार्य विन्यास के विरुद्ध है, जो न केवल उनकी कार्य-सीमा का अतिक्रमण है, अपितु सुरक्षा दृष्टिकोण से भी घातक सिद्ध हो सकता है। वक्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि रनिंग स्टाफ पर तकनीकी से इतर कार्यभार थोपना न केवल अवैधानिक है, बल्कि मानसिक एवं शारीरिक दबाव का कारण भी बनता है।

साथ ही, बहु-अनुशासनात्मक समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट की संस्तुतियों को कर्मचारियों के हितों के प्रतिकूल बताते हुए उसे पूर्णतः अस्वीकार्य घोषित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने रेल प्रशासन से उक्त निर्णयों को तत्काल निरस्त करने की माँग की एवं चेतावनी दी कि यदि रनिंग स्टाफ की भूमिका के विरुद्ध आदेश जारी किए जाते रहे, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ, किंतु कर्मचारियों के आक्रोश ने यह संकेत दे दिया कि यदि उनके अधिकारों की उपेक्षा की गई, तो संघर्ष की ज्वाला और तीव्र हो सकती है।















Users Today : 20
Users Yesterday : 26