

बर्नपुर : इस्पात प्रौद्योगिकी एवं परियोजना प्रबंधन के क्षेत्र में दीर्घकालिक अनुभव रखने वाले वरिष्ठ अभियंता श्री सुरजीत मिश्रा को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के बर्नपुर (आईएसपी) एवं दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) का निदेशक प्रभारी नियुक्त किया गया है।
श्री मिश्रा ने ओडिशा विश्वविद्यालय तकनीकी एवं अनुसंधान, भुवनेश्वर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक उपाधि प्राप्त की। उन्होंने वर्ष 1990 में सेल के विश्वेश्वरैया आयरन एंड स्टील लिमिटेड, भद्रावती, कर्नाटक में अपने सेवा पथ का शुभारंभ किया। वहाँ उन्होंने विद्युत अनुरक्षण, ब्लास्ट फर्नेस संचालन और समग्र संयंत्र संचालन में विशिष्ट अनुभव अर्जित किया।

अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और तकनीकी नेतृत्व के बल पर श्री मिश्रा वर्ष 2020 में वीआईएसएल में मुख्य महाप्रबंधक (संकार्य) के पद पर पदोन्नत हुए और तत्पश्चात कार्यपालक निदेशक (संकार्य) का उत्तरदायित्व भी संभाला।

जून 2022 में वे दुर्गापुर स्टील प्लांट स्थानांतरित हुए, जहाँ मेंटेनेंस विभाग की संपूर्ण जवाबदेही का सफल निर्वहन किया। तत्पश्चात, उन्हें इस्को स्टील प्लांट में परियोजना प्रभारी मुख्य महाप्रबंधक का दायित्व सौंपा गया। जुलाई 2023 में वे कार्यपालक निदेशक (परियोजना) पद पर पदोन्नत हुए।

अब निदेशक प्रभारी के रूप में, वे बर्नपुर एवं दुर्गापुर संयंत्रों की रणनीतिक योजनाओं एवं विस्तार परियोजनाओं का नेतृत्व करेंगे, विशेषकर आईएसपी के विस्तार कार्यक्रमों को नई दिशा प्रदान करेंगे।
सेल परिवार ने श्री मिश्रा को उनकी नवीनतम नियुक्ति पर हार्दिक शुभकामनाएँ अर्पित करते हुए उनके कुशल नेतृत्व में संयंत्रों की प्रगति की आशा व्यक्त की है।














Users Today : 19
Users Yesterday : 26