

आसनसोल : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए अमानवीय आतंकी हमले में 26 निर्दोष हिन्दू पर्यटकों की निर्मम हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा नियामतपुर स्थित सेंट्रल कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मार्मिक अवसर पर कुल्टी विधानसभा के भाजपा युवा नेता एवं समाजसेवी टिंकु वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मृतकों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में मंडल 4 के अध्यक्ष सुनील भर, भाजपा जिला आईटी प्रभारी आकाश चौहान, भीम हाड़ी, काजल दास, राजीव बर्मन एवं किशोर बर्बन सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस हृदयविदारक घटना की घोर निंदा करते हुए टिंकु वर्मा ने कहा कि यह हमला केवल निर्दोष नागरिकों पर नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारतवर्ष की आत्मा पर कुठाराघात है। उन्होंने बताया कि आतंकी हमलावरों ने धार्मिक पहचान के आधार पर हिन्दू पर्यटकों को चिह्नित कर उन्हें कलमा पढ़ने को बाध्य किया तथा कपड़े उतरवाकर पहचान की पुष्टि के पश्चात बर्बरतापूर्वक गोली मार दी गई।

वर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस निर्मम कृत्य से समूचे राष्ट्र की अंतरात्मा व्यथित है और अब समय आ गया है कि आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्यवाही की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मोदी सरकार आतंकियों को माकूल उत्तर देगी और प्रत्येक निर्दोष नागरिक की हत्या का बदला लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा परिवार इस दुख की घड़ी में मृतकों के परिजनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस भीषण त्रासदी के उत्तर में भारत आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देगा।

कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित समस्त जनों ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।














Users Today : 18
Users Yesterday : 26