

आसनसोल : आगामी 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की पूर्वतैयारी को लेकर राजनीतिक हलचलें अब तीव्र होती जा रही हैं। यद्यपि निर्वाचन में एक वर्ष का समय शेष है, तथापि तृणमूल कांग्रेस ने बूथ स्तरीय सुदृढ़ीकरण एवं मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु सक्रिय अभियान आरंभ कर दिया है।
इसी क्रम में शुक्रवार को आसनसोल के जी.टी. रोड स्थित राहा लेन मोड़ पर तृणमूल कांग्रेस के पश्चिम बर्धमान जिला कार्यालय में एक विशेष संगठनात्मक बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में राज्य मंत्री प्रदीप मजूमदार, विधायक एवं जिला अध्यक्ष नरेन्द्रनाथ चक्रवर्ती, आसनसोल महापौर विधान उपाध्याय, राज्य सचिव वी. शिवदासन उर्फ दासु, उप महापौर अभिजीत घटक, महिला जिला अध्यक्ष असीमा चक्रवर्ती, उत्पल सिन्हा, गुरुदास चटोपाध्याय सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का प्रमुख उद्देश्य बूथस्तर पर संगठन को मजबूत करना एवं मतदाता सूची में समाविष्ट फर्जी मतदाताओं की पहचान कर उन्हें हटाना था। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अन्य राज्यों की भाँति बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी द्वारा मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़कर चुनाव को प्रभावित करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।

राज्य सचिव दासु ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशानुसार “वोट रक्षा अभियान” चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची की समीक्षा करेंगे तथा फर्जी नामों की पहचान करेंगे। इन बूथ कार्यकर्ताओं के ऊपर ब्लॉक स्तरीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे, जो समग्र अभियान की निगरानी करेंगे।

यद्यपि वर्तमान में फर्जी मतदाताओं की सटीक संख्या जिला स्तर पर सार्वजनिक नहीं की गई है, तथापि बताया गया कि आंकड़े राज्य नेतृत्व को सौंपे जाएंगे एवं उपरांत जिला-वार विवरण घोषित किया जाएगा। तृणमूल नेतृत्व इस अभियान को चुनाव की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु अत्यंत आवश्यक मानता है।














Users Today : 15
Users Yesterday : 26