

आसनसोल : पश्चिम बंगाल के आसनसोल उपमहानगर अंतर्गत अंडाल क्षेत्र से एक बार फिर पुलिस प्रशासन की लापरवाही और राजनीतिक संरक्षण के आरोपों के बीच निर्दोष प्राणहानी की दुखद सूचना सामने आई है। पांडवेश्वर के पूर्व विधायक जितेंद्र तिवारी ने अपने एक्स हैंडल (पूर्व ट्विटर) पर एक कटाक्षपूर्ण पोस्ट जारी कर पुलिस और सत्तारूढ़ दल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जितेंद्र तिवारी के अनुसार, अंडाल क्षेत्र में रेत माफिया खुलेआम अपने अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं और इसमें पांडवेश्वर के वर्तमान विधायक नरेन चक्रवर्ती का भी सीधा संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने लिखा कि रेत माफिया के निर्बाध संचालन और पुलिस की मिलीभगत के कारण एक और निर्दोष व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि अंडाल पुलिस के पास रेत लदे अवैध ट्रकों को रोकने का साहस नहीं है, किंतु जब भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किसी कार्यक्रम को रोकने की बात आती है, तो वही पुलिस अत्यधिक तत्परता दिखाती है। तिवारी ने इस पूरे प्रकरण को कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता बताया और कहा कि सत्तासीन राजनैतिक शक्तियों के इशारे पर पुलिस जनसाधारण की सुरक्षा के दायित्व से विमुख हो चुकी है।

स्थानीय नागरिकों में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता और माफियाओं के निर्भीक संचालन ने अंडाल क्षेत्र को अराजकता का गढ़ बना दिया है।

जितेंद्र तिवारी ने अंततः मांग की कि दोषी अधिकारियों और माफियाओं के विरुद्ध द्रुत एवं कठोर कार्रवाई की जाए, अन्यथा आने वाले समय में जनाक्रोश भयंकर रूप धारण कर सकता है।
वर्तमान परिदृश्य ने एक बार फिर यह प्रश्न खड़ा कर दिया है कि क्या राजनीतिक स्वार्थों के चलते आम जनता की जान की कीमत सत्ताधीशों के लिए नगण्य हो गई है?














Users Today : 14
Users Yesterday : 26