

बर्नपुर : बर्नपुर के अपर रोड स्थित केएस टाइप क्वार्टर्स के समीप आज एक अत्यंत दुर्लभ और संकटग्रस्त पक्षी प्रजाति ग्रेटर एडजुटेंट स्टॉर्क (Leptoptilos dubius), जिसे स्थानीय भाषा में ‘हरगिला’ कहा जाता है, के दर्शन ने समूचे क्षेत्र में प्रकृति प्रेमियों के बीच उत्साह और आश्चर्य की लहर दौड़ा दी है। यह पक्षी सामान्यतः केवल असम और दक्षिण-पूर्व एशिया के सीमित इलाकों में पाया जाता है।
स्थानीय प्रकृति प्रेमी श्रीकांत साह ने इस पक्षी को अपने कैमरे में कैद किया। उन्होंने बताया कि यह विशालकाय पक्षी उनके लिए एक अप्रत्याशित दृश्य था। हरगिला अपनी लंबी चोंच, विशाल पंख और गंभीर मुद्रा के लिए प्रसिद्ध है, और यह मृत जीवों को खाकर पर्यावरणीय स्वच्छता बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दुर्भाग्यवश, मानवीय अतिक्रमण, जलाशयों की कमी और भोजन के स्रोतों के क्षरण के कारण यह पक्षी प्रत्याशित विलुप्ति की कगार पर पहुँच गया है।

श्री साह ने तुरंत हीरापुर थाना और वन विभाग को इसकी सूचना दी ताकि पक्षी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे पक्षी के निकट न जाएँ, उसे न डराएँ, और उसके प्राकृतिक व्यवहार में विघ्न न डालें।

यह घटना न केवल बर्नपुर के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह हमें वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरणीय चेतना के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी की याद भी दिलाती है। स्थानीय प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि इस दुर्लभ प्रजाति की उपस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए उचित संरक्षणात्मक उपाय किए जाएँ एवं जनजागरण अभियान चलाया जाए।

बर्नपुरवासियों से भी आग्रह है कि वे इस अमूल्य प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने में सहभागी बनें। हरगिला का संरक्षण हमारी प्रकृति-निष्ठा का प्रतीक बन सकता है।














Users Today : 13
Users Yesterday : 26