

आसनसोल : बाराबनी थाना पुलिस द्वारा गत 27 मार्च की रात्रि में की गई छापामारी कार्रवाई में नशीले पदार्थ ब्राउन शुगर की तस्करी से संबंधित एक अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई है। गौरांडी रानाकुड़ा घाट मार्ग पर वाहन जाँच के दौरान एक मोटरसाइकिल से गुजर रहे दो युवकों को 177 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया था। उक्त दोनों अभियुक्तों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद तफ्तीश में उनके द्वारा प्रयुक्त वाहन के स्वामी की संलिप्तता भी सामने आई।
तदनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस वाहन के स्वामी स्टीवेन नॉर्मन ड्रोसारियो को गिरफ़्तार कर लिया। अभियुक्त को आसनसोल जिला अदालत के एडीजे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ न्यायाधीश ने अभियुक्त की ज़मानत याचिका को अस्वीकार करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि शिल्पांचल क्षेत्र इन दिनों मादक द्रव्यों की अवैध तस्करी के कारण गम्भीर सामाजिक संकट का सामना कर रहा है। ब्राउन शुगर जैसे घातक पदार्थों की तस्करी न केवल युवाओं को मानसिक व शारीरिक रूप से बर्बाद कर रही है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय तस्कर गिरोहों की जड़ें भी अब शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों तक फैल चुकी हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह छानबीन अभी जारी है और शीघ्र ही इस तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी गिरफ्तारी संभावित है। प्रशासन द्वारा लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नशे के इस दानव के विरुद्ध संघर्ष में प्रशासन का सहयोग करें।















Users Today : 9
Users Yesterday : 26