

आसनसोल : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के यातायात उपायुक्त पीवीजी सतीश ने नगर की भीषण यातायात समस्या के समाधान हेतु एक अनोखा कदम उठाते हुए स्वयं टोटो में सवार होकर नगर की यातायात व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। विदित हो कि बीते कुछ वर्षों से आसनसोल नगरवासी नियमित रूप से यातायात जाम की विकट समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके मूल में अनियंत्रित टोटो संचालन को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों की लगातार मिलती शिकायतों के आलोक में डीसी ट्रैफिक ने इस समस्या की जड़ तक पहुँचने के उद्देश्य से स्वयं सड़कों पर उतरकर निरीक्षण करने का निश्चय किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि अधिकतर टोटो चालक निर्धारित मार्गों का पालन न करते हुए मनमाने ढंग से संकुचित गलियों, मुख्य मार्गों एवं अवैध स्थानों पर प्रवेश कर यातायात व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर रहे हैं।

श्री सतीश ने इस समस्या के समाधान हेतु यह स्पष्ट किया कि अब टोटो चालकों हेतु निश्चित मार्ग निर्धारित किया जाएगा, जिससे वे अनधिकृत मार्गों में प्रवेश न कर सकें। इसके लिए शीघ्र ही यातायात विभाग द्वारा रूट मैप तैयार कर उसके अनुसार टोटो संचालन को नियंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन-सुविधा के दृष्टिगत यह कदम आवश्यक हो गया है ताकि न केवल जाम की समस्या से निजात मिले, बल्कि सड़क सुरक्षा में भी सुधार हो।

उन्होंने यह भी कहा कि यातायात विभाग इस दिशा में कठोर निगरानी रखेगा और नियमों के उल्लंघन पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डीसी ट्रैफिक का यह निरीक्षण न केवल प्रशासनिक सजगता का परिचायक है, बल्कि नगरवासियों को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था दिलाने की दिशा में उठाया गया एक प्रशंसनीय प्रयास भी है।














Users Today : 9
Users Yesterday : 26