

दुर्गापुर : बर्धमान-दुर्गापुर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहा है और राजनीतिक लाभ के लिए ‘युद्ध का नाटक’ कर रहा है। शनिवार को दुर्गापुर में अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने केंद्र सरकार की विफलताओं और बंगाल के प्रति भेदभावपूर्ण रवैये को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
सांसद ने कहा कि देश की खुफिया एजेंसियां पूरी तरह विफल हो चुकी हैं। हाल ही में कश्मीर में हुए आतंकी हमलों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने पूछा, “अगर सरकार इतनी सक्षम है, तो पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध की घोषणा में देरी क्यों हो रही है? यह सब ‘टाई टाई फिस, ठनठन गोपाल’ जैसा दिखावा है।” उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक नाटक कर रही है, जबकि देश की आंतरिक सुरक्षा खतरे में है।

कीर्ति आजाद ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बंगाल को बदनाम करने के लिए बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उछालती है, जबकि देश में असली आतंकवादी घुसपैठ पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सब केंद्र की राजनीतिक साजिश है ताकि बंगाल को अस्थिर किया जा सके और वहां की जनता को भ्रमित किया जा सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा, “प्रधानमंत्री कश्मीर में सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं हो सके, लेकिन बिहार का दौरा कर रहे हैं, क्योंकि वहां चुनाव हैं। इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता।”

कीर्ति आजाद ने केंद्र सरकार पर बंगाल के साथ विकासात्मक भेदभाव करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा ने बंगाल के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि राज्य के बंद पड़े सार्वजनिक उपक्रमों को पुनर्जीवित करने के लिए उन्होंने लोकसभा में कई बार प्रश्न उठाए, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने अपने एक साल के संसदीय कार्यकाल का लेखा-जोखा भी पेश किया। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में सड़क, जल आपूर्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि वे जनता की सेवा को अपना धर्म मानते हैं और केंद्र की तानाशाही नीतियों के खिलाफ सदन और सड़क, दोनों स्तर पर संघर्ष करते रहेंगे।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के पंचायत और सहकारिता मंत्री प्रदीप मजूमदार भी उपस्थित थे। कीर्ति आजाद के बयानों ने केंद्र और राज्य सरकार के बीच पहले से मौजूद तनाव को और हवा दे दी है। माना जा रहा है कि ये मुद्दे आगामी लोकसभा चुनावों में अहम भूमिका निभा सकते हैं।














Users Today : 9
Users Yesterday : 26