

आसनसोल : चैतन्य महाप्रभु की पावन पादुका के दर्शन का सौभाग्य अब पश्चिम बर्दवान के श्रद्धालुओं को भी मिला है। शनिवार को बर्नपुर टाउन पूजा समिति के तत्वावधान में चैतन्य महाप्रभु की पादुका बार्नपुर लाई गई, जिसे लेकर भक्तों में अभूतपूर्व उत्साह और भक्ति का ज्वार देखने को मिला। यह आयोजन जिले में पहली बार हुआ है, जिससे पूरे शहर में आध्यात्मिक माहौल बन गया।

पादुका के आगमन को लेकर बार्नपुर का बाड़ी मैदान भव्य रूप से सजाया गया था। मैदान में विशेष मंच का निर्माण किया गया और भक्तों के बैठने के लिए शमियाने लगाए गए थे। नवद्वीप से आए कीर्तन मंडली की उपस्थिति में हरिनाम संकीर्तन करते हुए पादुका को बर्नपुर रेलवे स्टेशन से शोभायात्रा के माध्यम से मंदिर परिसर तक लाया गया। इस दौरान फूलों की वर्षा की गई और चारों ओर हरि बोल के जयघोष गूंजने लगे।

पूजा समिति की पृष्ठपोषक सुदेष्णा घटक ने बताया कि जिले में पहली बार महाप्रभु की पादुका आई है और इसे लेकर लोगों में बेहद श्रद्धा और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिल रहा है। समिति के अध्यक्ष और सेल इस्को (आईएसपी) के ईडी (वित्त) अरूप मुखर्जी और सचिव शिवशंकर चक्रवर्ती ने बताया कि यह पूजा समिति 82 वर्षों से धार्मिक आयोजनों में अग्रणी रही है और यह आयोजन उनके लिए गौरव की बात है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच आयोजित इस धार्मिक समारोह में बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति रही। शनिवार रात को पादुका मंदिर परिसर में विराजमान रहेगी और रविवार को नवद्वीप लौटाई जाएगी।

इस पावन आयोजन में राज्य के कानून व श्रम मंत्री मलय घटक के शामिल होने की भी संभावना जताई गई है। चैतन्य महाप्रभु की पादुका के दर्शन से बर्नपुरवासियों ने एक दुर्लभ आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव किया।














Users Today : 9
Users Yesterday : 26