

दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम के 11 नंबर वार्ड स्थित कुरुडिया डांगा इलाके में रविवार को एक किलोमीटर लंबे पक्के सड़क का लोकार्पण किया गया। यह सड़क तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद के सांसद निधि से लगभग 6 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई है। उद्घाटन कार्यक्रम में राज्य के पंचायती राज, ग्रामोन्नयन और सहकारिता मंत्री प्रदीप मजूमदार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मंच से ही तृणमूल और भाजपा नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी ने नया मोड़ ले लिया।
मंत्री प्रदीप मजूमदार ने स्थानीय भाजपा विधायक लक्ष्मण घोड़ुई पर निशाना साधते हुए कहा, “यहां के लोग शिकायत करते हैं कि विधायक होने के बावजूद क्षेत्र में कोई विकास नहीं हो रहा, क्योंकि वह विपक्षी दल से हैं। जबकि विधायक निधि से ही ऐसे विकास कार्य होने चाहिए थे। लेकिन, यह दायित्व अब सांसद कीर्ति आजाद ने निभाया है और क्षेत्रवासियों को कच्ची सड़कों से मुक्ति दिलाई है।”

प्रदीप मजूमदार ने यह भी कहा कि कीर्ति आजाद को लोकसभा चुनाव में इस क्षेत्र से कम वोट मिले थे, लेकिन उन्होंने इसे कभी बाधा नहीं माना। गरीब और जरूरतमंद जनता की पुकार सुनकर सांसद ने निधि से सड़क निर्माण कर जनसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
वहीं दूसरी ओर, भाजपा विधायक लक्ष्मण घोड़ुई ने पलटवार करते हुए कहा, “पूर्व विधानसभा क्षेत्र से प्रतिदिन मेरे पास 100 से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कराने आते हैं। जनता जानती है कि कौन उनके साथ है। विधायक निधि से चार वर्षों में मुझे 2 करोड़ 40 लाख रुपये मिलने चाहिए थे, लेकिन केवल 60 लाख रुपये ही मिल पाए। तृणमूल कांग्रेस हमें काम नहीं करने देती, ये वही राजनीति है जो वामपंथी सरकार के समय हुआ करती थी।”

सांसद कीर्ति आजाद पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “आपने डीवीसी में अतिक्रमण नहीं होने देने और एमएएमसी को फिर से शुरू करने जैसे वादे किए थे। अब एक साल हो गया, आपने क्या किया? यह पश्चिम बंगाल है, यहां वादे पूरे नहीं होते।”
इस कार्यक्रम में तृणमूल के जिला अध्यक्ष उज्जवल मुखोपाध्याय, नेता रमाप्रसाद हालदार समेत कई स्थानीय नेता भी उपस्थित थे।















Users Today : 9
Users Yesterday : 26