

आसनसोल : नगर निगम के वार्ड संख्या 31, जो रेलपाड़ा क्षेत्र में आता है, वहाँ पहली बार पार्षद बनीं आशा प्रसाद ने अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। वार्ड की जनता उन्हें ‘अपनी बेटी’ कहकर संबोधित करती है और आशा ने इस विश्वास को सार्थक भी किया है। उन्होंने घाघरडांगा से लेकर बेलडांगा तक सड़क, बिजली, जल आपूर्ति, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
वार्ड में 1800 फीट लंबी कंक्रीट सड़क का निर्माण किया गया है, जिसकी लागत ₹5.50 लाख रही। मारवाड़ी श्मशान के सामने 100 फीट की सड़क बनवाई गई, जबकि बेलडांगा स्वास्थ्य केंद्र में हाईमास्ट लाइट और छत मरम्मत पर क्रमशः ₹90,000 और ₹1.10 लाख खर्च किए गए। इसके अतिरिक्त घाघरडांगा में ₹32 लाख की लागत से एक नया स्वास्थ्य केंद्र बन रहा है।

स्थानीय जन सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से 18 नई स्ट्रीट लाइट ₹4.30 लाख में लगाई गई हैं। पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी ₹4 लाख की लागत से मिस्त्री पाड़ा से मस्जिद गली होते हुए बाइपास तक किया जा रहा है। वहीं बाइपास से गोराई रोड तक की सड़क ₹4.65 लाख में बनवाई गई है।
वार्ड में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। एक उच्च माध्यमिक विद्यालय, चार प्राथमिक विद्यालय और एक विश्वविद्यालय यहाँ स्थित है। चाशीपाड़ा जैसे क्षेत्र, जहाँ पहले टैंकर से पानी आपूर्ति होती थी, अब पाइपलाइन से जोड़ने का कार्य चल रहा है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु 11 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनमें लगभग 250 महिलाएं कार्यरत हैं। इनमें 60 से अधिक महिलाएं स्कूल यूनिफॉर्म की सिलाई करती हैं।
हालांकि, इन उपलब्धियों के बीच एक बड़ी समस्या सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा है। पुराने स्टेशन से बाइपास रोड तक अवैध दुकानों और निर्माण के चलते भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है, जिससे स्कूली छात्र-छात्राएं, कॉलेज विद्यार्थी और आम नागरिक बेहद परेशान हैं। आशा प्रसाद ने इस विषय में कई बार नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।

पार्षद आशा प्रसाद ने कहा, “मैं इस वार्ड की बेटी हूँ। लोगों की पीड़ा मेरी पीड़ा है। मैं अवैध कब्जों को हटाकर इस क्षेत्र को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।” पुष्पा अस्पताल को पूर्ण सुविधायुक्त बनाने का उनका संकल्प आने वाले वर्षों के लिए एक आशा की किरण है।














Users Today : 9
Users Yesterday : 26