

आसनसोल : बाराबनी थाना क्षेत्र के इंचुरिया गांव में एक विवाहिता की रहस्यमयी मौत के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय पूजा माल के रूप में हुई है, जिनका विवाह वर्ष 2012 में जीवन घोष से हुआ था। पूजा झारखंड के निरसा थाना क्षेत्र के इकियारकुड़ गांव निवासी भुवन माल की पुत्री थीं।

जानकारी के अनुसार, 5 मई की सुबह पूजा का शव उनके ससुराल स्थित घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। ससुराल पक्ष का दावा है कि यह आत्महत्या है, जबकि मायके वालों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है। मृतका के परिवार को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हुए। उस समय ससुराल पक्ष शव को लेकर जिला अस्पताल जा रहा था, तभी परिजनों ने रास्ते में शव को रोका और विरोध प्रदर्शन किया।

मायकेवालों का आरोप है कि पूजा को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था, और उसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने इसे आत्महत्या के रूप में प्रस्तुत करने का भी आरोप लगाया। विरोध के बाद पूजा के परिजन शव को लेकर बाराबनी थाने पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया।
पूजा के दो छोटे बच्चे भी हैं, जो अपनी मां को खोने के बाद असहाय स्थिति में हैं। उन्हें देख स्थानीय लोग भी भावुक हो उठे। इस घटना के बाद इंचुरिया गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूजा के पति जीवन घोष को हिरासत में लिया है, और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।
बाराबनी थाने के अधिकारी ने बताया कि स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है, और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

पूजा के परिजनों ने प्रशासन से न्याय की मांग की है और कहा है कि दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। ग्रामीणों ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की अपील की है। फिलहाल, पुलिस की कार्रवाई और मेडिकल रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।













Users Today : 7
Users Yesterday : 28