

आसनसोल : आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के जहांगिरी फांड़ी अंतर्गत कुरैशी मुहल्ला, लाल चौक की एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की पिछले आठ दिनों से रहस्यमय ढंग से लापता है। परिजनों को आशंका है कि उनकी बेटी का अपहरण कर लिया गया है। इस संबंध में नाबालिगा के भाई मो. उमर ने आसनसोल उत्तर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, 27 अप्रैल को नाबालिगा घर से सब्जी लेने निकली थी, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने शुरुआत में खुद ही उसे ढूंढ़ने का प्रयास किया, उन्होंने सभी रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। जब कोई परिणाम नहीं निकला, तो उन्होंने अंततः पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

मो. उमर ने यह भी बताया कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उन्हें फोन आया, जिसमें कॉलर ने न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि चुप रहने की धमकी देते हुए बहन की हत्या की चेतावनी भी दी। हालांकि, अभी तक अपहरणकर्ताओं की ओर से कोई फिरौती की मांग नहीं की गई है, जिससे स्थिति और अधिक रहस्यमय बन गई है।
परिजनों का आरोप है कि लड़की को जबरन कहीं बंधक बनाकर रखा गया है। वे भयभीत हैं और किसी अनहोनी की आशंका में लगातार पुलिस से गुहार लगा रहे हैं कि उनकी बेटी को शीघ्र सुरक्षित वापस लाया जाए।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांड संख्या 188/2025 के अंतर्गत भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 137(2) और 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल्स, मोबाइल टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जल्द ही नाबालिगा का सुराग लगाकर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस और परिजन दोनों ही इस घटना को लेकर चिंतित हैं, वहीं स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता और आक्रोश का माहौल है।सभी की नजरें अब पुलिस की कार्रवाई और बच्ची की सलामती पर टिकी हैं।















Users Today : 7
Users Yesterday : 28