

दुर्गापुर : पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा के पानागढ़ स्थित अर्जुन सिंह वायुसेना छावनी में संभावित आपातकालीन स्थिति को देखते हुए वायुसेना पूरी तरह सतर्क हो गई है। पाकिस्तान से संभावित तनावपूर्ण परिस्थिति के मद्देनजर वायुसेना के अधिकारियों ने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए हैं।
कांकसा ब्लॉक के त्रिलोकचंद्रपुर ग्राम पंचायत में वायुसेना के प्रतिनिधियों ने बैठक कर पंचायत सदस्यों को यह समझाया कि संदेहास्पद गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत वायुसेना के टोल फ्री नंबर पर दी जाए। पंचायत सूत्रों के अनुसार, वायुसेना ने रात्रिकालीन निगरानी को प्राथमिकता देने और हर घर को ब्लैकआउट प्रक्रिया से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।

वायुसेना की ओर से बताया गया कि यदि हवाई हमला होता है, तो सायरन बजने पर तुरंत बिजली बुझाकर ब्लैकआउट किया जाना चाहिए। इसके लिए सरकार की ओर से देशभर में मॉक ड्रिल करने के आदेश दिए गए हैं ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित रख सके।
त्रिलोकचंद्रपुर पंचायत उप-प्रधान प्रसनजीत घोष ने जानकारी दी कि पानागढ़ वायुसेना छावनी के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद थे। उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं, जिनका पालन किया जाएगा।

वायुसेना ने नागरिकों से आतंकित न होकर सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तुरंत प्रशासन और वायुसेना को दी जाए। स्थानीय प्रशासन को भी निर्देश दिया गया है कि वह गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करे।

ऐसी स्थिति में नागरिकों की भूमिका अहम मानी जा रही है और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह प्रयास किया जा रहा है कि स्थानीय सहयोग से किसी भी खतरे को समय रहते टाला जा सके।














Users Today : 6
Users Yesterday : 28