
आसनसोल : मां घाघरबुढ़ी मंदिर परिसर स्थित काली पहाड़ी धर्मचक्र सेवा समिति की ओर से आगामी 24 मई से तीन दिवसीय 39वां श्रीश्री फलाहारिणी कालिका पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर समिति कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय की गई।

समिति के अध्यक्ष रूपेश साव ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पूजा समारोह को भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 24 मई को प्रातः 11 बजे से 24 घंटे का अष्टयाम कीर्तन आरंभ होगा। यह संकीर्तन कार्यक्रम अखंड भक्ति के साथ अगले दिन तक जारी रहेगा। इसके बाद 25 मई को प्रातः 5 बजे से बुधा पी एंड टी मैदान से एक आनन्दमयी शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

पूजा महोत्सव का मुख्य आयोजन 26 मई को किया जाएगा। इस दिन प्रातः काल में कुमारी पूजन किया जाएगा, जिसमें छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर पूजा अर्चना की जाएगी। संध्या समय में फलाहारिणी कालिका पूजा, बाउल संगीत, चंडी यज्ञ और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
रूपेश साव ने बताया कि यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जनमानस को जोड़ने वाला एक सांस्कृतिक संगम भी है। विशेषकर चंडी यज्ञ और महाप्रसाद वितरण में हजारों श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं। बाउल संगीत के माध्यम से भक्तिभाव और लोकसंस्कृति का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।
बैठक में समिति के संस्थापक एवं संरक्षक राधा गोविन्द सिंह, श्याम लाल बोधवानी, हिरदास गोराई, डॉ. दीपक मुखर्जी, उद्धव दां, बिकास सिंह, मदन ठाकुर, जितेन्द्र केवट, अजय सिंह सहित समिति के कई सक्रिय सदस्य उपस्थित थे।
समिति ने क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया है कि वे इस भव्य धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और मां कालिका की कृपा प्राप्त करें। साथ ही सभी व्यवस्थाओं में सहयोग देने की भी अपील की गई है, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।















Users Today : 4
Users Yesterday : 28