
आसनसोल : आसनसोल के पूर्व मेयर और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तिवारी ने बांग्ला में टिप्पणी करते हुए लिखा, “मेरे समय में इस कम्युनिटी हॉल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन यह आज भी अधूरा पड़ा है। आखिर बीते पांच वर्षों में यह कार्य पूरा क्यों नहीं हुआ? इसका उत्तर अब पांडवेश्वर की जनता मांग रही है।”

तिवारी द्वारा जिस अधूरे कम्युनिटी हॉल की बात की जा रही है, वह पश्चिम बर्धमान जिले के लाउदोहा ब्लॉक के चंद्रडांगा गांव में स्थित है, जो पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
पूर्व मेयर ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में इस हॉल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था ताकि ग्रामीणों को एक समर्पित सामुदायिक केंद्र मिल सके। लेकिन तृणमूल कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में यह भवन जस का तस पड़ा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार और स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता के कारण क्षेत्र की जनता को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

तिवारी की यह टिप्पणी ऐसे समय में सामने आई है जब राज्य भर में विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल एक भवन का मामला नहीं है, बल्कि यह सरकार की सोच और कार्यप्रणाली को दर्शाता है कि जनता के हित में शुरू की गई परियोजनाओं को किस तरह से अनदेखा किया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस अधूरे भवन को लेकर निराशा जताई है। उनका कहना है कि सामुदायिक कार्यक्रमों, सामाजिक समारोहों और स्थानीय बैठकों के लिए यह भवन बहुत उपयोगी साबित होता, लेकिन सरकारी उदासीनता के कारण अब यह एक अनुपयोगी ढांचे में बदलता जा रहा है।

अब देखना यह है कि तिवारी के इस सवाल का जवाब तृणमूल कांग्रेस और प्रशासन किस तरह देता है और क्या यह अधूरी परियोजना फिर से गति पकड़ती है या राजनीतिक बयानबाजी तक ही सीमित रह जाती है।














Users Today : 26
Users Yesterday : 27