
आसनसोल : सोमवार की सुबह आसनसोल रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी कार्यालय में एक सराहनीय पहल के तहत विभिन्न समयों पर चोरी, छिनतई या गुम हुए कुल 22 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटा दिए गए। यह पहल जीआरपी अधिकारियों द्वारा की गई, जिनकी सक्रियता और तकनीकी सूझबूझ से यह संभव हो सका।

जीआरपी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन मोबाइल फोनों में से अधिकांश के मालिक दूसरे राज्यों के निवासी हैं। मोबाइल ट्रैकिंग तकनीक के माध्यम से इन मोबाइलों का पता लगाया गया और उन्हें संबंधित व्यक्तियों को सौंपा गया।
झारखंड के दुमका जिले के एक व्यक्ति ने बताया कि जून 2024 में वह अपनी बेटी के साथ आसनसोल स्टेशन पर उतरे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भाग गया था। उन्होंने तुरंत जीआरपी में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन कभी वापस मिलेगा। मोबाइल फोन वापस मिलने पर उन्होंने जीआरपी को धन्यवाद दिया और कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ी बात है।

अंडाल की एक कॉलेज छात्रा ने बताया कि वह एक दिन ट्रेन में यात्रा कर रही थीं, तभी अचानक एक व्यक्ति ने उनकी सीट के पास से मोबाइल छीन लिया और भाग गया। उन्होंने भी जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई थी। सोमवार को फोन वापस मिलने पर उन्होंने जीआरपी अधिकारियों को विशेष रूप से धन्यवाद दिया और कहा कि यह एक भरोसा देने वाली पहल है।

जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सम्पत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वे सतर्कता बरत रहे हैं। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि किसी भी घटना के तुरंत बाद वे नजदीकी जीआरपी थाना में शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
मोबाइल वापसी की यह पहल न केवल जीआरपी की सतर्कता को दर्शाती है, बल्कि यात्रियों में सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करती है।














Users Today : 1
Users Yesterday : 46