
आसनसोल : आसनसोल के व्यस्ततम हटन रोड क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और यातायात जाम से आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए आसनसोल नगर निगम ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को मेयर विधान उपाध्याय, नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी और निगम अभियंता की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान हटन रोड मोड़ से लेकर रंजन केबिन तक सड़क किनारे लगे अवैध दुकानों को हटाने का निर्देश दिया गया। मेयर ने दुकानदारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें बुधवार तक स्वयं से दुकान हटाने को कहा। उन्होंने हाथ जोड़कर दुकानदारों से अपील की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए वे सहयोग करें। मेयर ने चेतावनी दी कि यदि दुकानदार समय पर दुकानें नहीं हटाते हैं, तो निगम की ओर से गुरुवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी और दुकानों को तोड़ दिया जाएगा।

विधान उपाध्याय ने कहा कि हटन रोड पर हल्की बारिश के बाद भी जलजमाव की स्थिति बन जाती है जिससे बस्ती बाजार में पानी घुस जाता है और लोगों को भारी परेशानी होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु ड्रेन निर्माण कार्य शुरू किया जाना आवश्यक है।

वहीं, उन्होंने टोटो चालकों को भी निर्देश दिया कि हटन रोड मोड़ पर वाहन खड़ा न करें। उन्होंने बताया कि टोटो के लिए 13 नंबर स्थान को वैध स्टैंड के रूप में निर्धारित किया गया है। जो भी चालक आदेश की अवहेलना करेगा, उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस सक्रियता से स्थानीय निवासियों में उम्मीद जगी है कि अब हटन रोड क्षेत्र की दशा में सुधार होगा और आमजन को राहत मिलेगी।














Users Today : 1
Users Yesterday : 46