

आसनसोल : नगर निगम की ओर से हटन रोड पर 13 नंबर पार्किंग को टोटो स्टैंड में बदलने के फैसले के खिलाफ ऑटो चालकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। इस निर्णय के कारण नगर निगम और ऑटो चालकों के बीच विवाद गहरा गया है। मंगलवार को आईएनटीटीयूसी नेता राजू अहलूवालिया के नेतृत्व में ऑटो चालक प्रदर्शन करते हुए अपने हक की आवाज़ बुलंद की।
नगर निगम का कहना है कि हटन रोड पर बढ़ते ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए अवैध दुकानों को हटाकर टोटो वाहनों के लिए समर्पित स्टैंड बनाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से 13 नंबर पार्किंग को टोटो स्टैंड के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। निगम का मानना है कि इससे जाम की समस्या पर नियंत्रण मिलेगा और यातायात सुगम होगा।

वहीं, ऑटो चालकों का तर्क है कि 13 नंबर पार्किंग पिछले 50 वर्षों से वैध ऑटो स्टैंड के रूप में काम कर रही है। राजू अहलूवालिया ने नगर निगम के फैसले को अनुचित और अन्यायपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह उनके रोजी-रोटी पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम ने बिना किसी वार्ता या सहमति के यह एकतरफा फैसला लिया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऑटो चालकों को हटाए बिना टोटो स्टैंड की व्यवस्था क्यों नहीं की गई जबकि उनके पास सभी आवश्यक परमिट हैं और वे नियमित रूप से सरकार को राजस्व भी देते हैं।

ऑटो चालकों ने स्पष्ट किया कि यदि टोटो वाहनों के लिए अलग वैकल्पिक स्टैंड उपलब्ध कराया जाता तो वे इसका विरोध नहीं करते। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी पार्किंग हटाई गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका है।
इस विवाद पर मेयर विधान उपाध्याय ने कहा कि 13 नंबर पार्किंग को टोटो स्टैंड में बदला जाएगा और यह निर्णय अंतिम है। हालांकि, उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि जो ऑटो चालक वैध रूप से वहां पार्किंग कर रहे हैं, उन्हें हटाया नहीं जाएगा। मेयर के इस बयान के बावजूद स्थानीय ऑटो चालकों में असंतोष बना हुआ है।

नगर निगम और ऑटो चालकों के बीच इस मुद्दे को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझौते की मांग हो रही है ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकल सके। आसनसोल के ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम का यह प्रयास सही है या नहीं, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल इस विवाद की वजह से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और आगे की घटनाओं पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।














Users Today : 0
Users Yesterday : 46