
आसनसोल : आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले साउथ पीपी फाड़ी के निकट भगत सिंह मोड़ पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दिनदहाड़े चोरी करते एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया। उक्त युवक एक बंद चाय दुकान से बर्तन चोरी कर रहा था, जिसे मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने पकड़कर पुलिस थाने के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, भगत सिंह मोड़ स्थित एक बंद चाय की दुकान से एक संदिग्ध युवक चोरी कर रहा था। संयोगवश उसी समय वहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक एसआई बिप्लब बनर्जी, कांस्टेबल नुरुल हसन और सिविक वॉलंटियर तारक नाथ तथा निशात अहमद की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को चोरी के सामान सहित धर दबोचा।

पकड़े गए युवक की पहचान आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के रेलपार ओके रोड निवासी मोहम्मद जाहंगीर (पिता: मोहम्मद जैनुल) के रूप में की गई है। उसके पास से चोरी किए गए दो एल्यूमीनियम के डेगची, दो सस्पेंन, तीन मग और ग्राहकों को चाय देने वाला एक केतली बरामद किया गया है।
ट्रैफिक एसआई बिप्लब बनर्जी ने बताया कि युवक को गिरफ्तार करने के बाद उसे चोरी के सामान के साथ टोटो पर बैठाकर साउथ पीपी फाड़ी लाया गया, जहां उसे एएसआई वैद्यनाथ चटर्जी को विधिवत सौंप दिया गया। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया आरंभ कर दी है।

स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की तत्परता और सतर्कता की भूरी-भूरी प्रशंसा की। लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार पुलिस सक्रियता से कार्य करती रही, तो क्षेत्र में होने वाले छोटे-मोटे अपराधों पर शीघ्र नियंत्रण पाया जा सकता है।














Users Today : 43
Users Yesterday : 14