
दुर्गापुर : बेकाबू बाइक चालकों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के ट्रैफिक विभाग ने सख्त कदम उठाया है। बुधवार सुबह से दुर्गापुर ट्रैफिक गार्ड की ओर से दुर्गापुर महिला महाविद्यालय के समीप की सड़क पर स्पीड मिटर के माध्यम से वाहनों की गति की निगरानी की जा रही है।
इस अभियान का उद्देश्य दुर्गापुर की सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं और बाइक चालकों की लापरवाही को नियंत्रित करना है। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन ने इस स्थान को चुना, जहां आमतौर पर कॉलेज आने-जाने वाले छात्रों और राहगीरों की भीड़ रहती है।

अभियान के दौरान मौके पर स्वयं आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के वीजे सतिश पशुमार्थी उपस्थित रहे। उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक जोन 3) राजकुमार मलाकार, ट्रैफिक विभाग के ओसी संदीप सोम और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने स्पीड मिटर की सहायता से तेज रफ्तार वाहनों की पहचान की और नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

पुलिस का कहना है कि यह अभियान आने वाले दिनों में शहर के अन्य व्यस्तम और दुर्घटनाप्रवण इलाकों में भी चलाया जाएगा। ट्रैफिक विभाग का मानना है कि तकनीकी उपकरणों की सहायता से सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सकता है और लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा सकती है।
स्थानीय निवासियों और कॉलेज प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा का वातावरण बेहतर होगा और आम लोगों का चलना-फिरना अधिक सुरक्षित बनेगा।














Users Today : 43
Users Yesterday : 14