
आसनसोल : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को आसनसोल नगर निगम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

पदयात्रा की शुरुआत जीटी रोड स्थित आसनसोल नर्सरी से हुई जो रविंद्र भवन तक निकाली गई। इस पदयात्रा में आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, एमएमआईसी सुब्रत अधिकारी, मानस दास, पर्यावरण नियंत्रण परिषद के वरिष्ठ अधिकारी, स्कूलों के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

बच्चे पर्यावरण से जुड़े स्लोगन और चित्रों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लेते दिखाई दिए।रविंद्र भवन में पदयात्रा के उपरांत आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, वृक्षारोपण और प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान जैसे विषयों पर वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसे बच्चों के जीवन में शुरू से ही शामिल करना होगा ताकि वे आने वाले समय में एक जागरूक नागरिक बन सकें।

उन्होंने पेड़ों की अंधाधुंध कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने पर बल दिया। इस मौके पर नगर निगम द्वारा आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। सभी बच्चों को कपड़े के थैले भेंट कर प्लास्टिक के विकल्प अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन “प्लास्टिक मुक्त शहर” बनाने की शपथ के साथ किया गया।














Users Today : 43
Users Yesterday : 14