
आसनसोल : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ श्रमिक नेता राजू अहलूवालिया के बाद अब पार्टी के ही पार्षद रणवीर सिंह भरारा उर्फ जीतू सिंह ने आसनसोल नगर निगम में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। 41 नंबर वार्ड से पार्षद जीतू सिंह ने कहा कि नगर निगम में व्यापक अनियमितताएँ जारी हैं, जिनकी ओर वे बार-बार बोर्ड मीटिंग में मेयर विधान उपाध्याय का ध्यान आकृष्ट करते हैं, परंतु कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने हाल ही की बोर्ड बैठक में पार्किंग और होर्डिंग शुल्क की बकाया राशि का मुद्दा उठाया था, जो उनके अनुसार 10 करोड़ रुपये से अधिक है। बावजूद इसके, प्रशासन की ओर से अब तक वसूली की दिशा में कोई पहल नहीं की गई।

पार्षद ने नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्य सतर्कता आयोग (सीवीसी) के नियमों के अनुसार संवेदनशील पदों पर किसी अधिकारी की तैनाती 3 वर्षों से अधिक नहीं होनी चाहिए, किंतु नगर निगम में कई अधिकारी 10 वर्षों से एक ही पद पर जमे हुए हैं।
उन्होंने छह माह पूर्व उठाए गए एक अन्य मुद्दे की भी याद दिलाई, जिसमें 12 कारखानों पर 510 करोड़ रुपये का बकाया था। मेयर ने उस समय आश्वासन दिया था कि 15 दिनों में यह राशि वसूल ली जाएगी, परंतु अब तक कोई वसूली नहीं हुई है।
फुटपाथ पर अवैध निर्माण को लेकर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकारी निर्देशों को दरकिनार कर स्थायी निर्माण किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने मेयर की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से करते हुए कहा कि वे स्वयं भले ही ईमानदार हों, किंतु उनके आसपास मौजूद कुछ लोग उनके कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने मेयर से सख़्ती बरतने की अपील की और चेताया कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें भी संगठन में किनारे कर दिया जा सकता है।
अंत में उन्होंने सुझाव दिया कि एक ही पद पर वर्षों से जमे अधिकारियों का स्थानांतरण कर अन्य बोरो में नई नियुक्तियाँ की जाएँ, जिससे निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व आए।














Users Today : 43
Users Yesterday : 14