
कुल्टी : आसनसोल के कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर के कुलतोरा इलाके में दो पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद ने बीते रात हिंसक रूप धारण कर लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष द्वारा बाहर से लोगों को बुलाकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुलतोरा क्षेत्र में किसी पारिवारिक या आपसी मुद्दे को लेकर दो पड़ोसियों के बीच पहले कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में बहस तेज हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के व्यक्ति ने आसनसोल से अपने कुछ परिचितों को बुलाया और उनके साथ मिलकर दूसरे पक्ष पर हमला किया।

देखते ही देखते मामला उग्र हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई और इसी दौरान एक कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हमले के दौरान लोहे की रॉड और डंडों का इस्तेमाल किया गया। कार की खिड़कियां और शीशे पूरी तरह तोड़ दिए गए।
घटना की सूचना पाकर कुल्टी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद व्यक्तिगत स्तर पर शुरू हुआ था, लेकिन जल्द ही यह सामूहिक रूप ले बैठा।

फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। कुल्टी थाना प्रभारी ने कहा कि दोषियों की पहचान की जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।














Users Today : 34
Users Yesterday : 14