
आसनसोल : सोमवार रात से कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मंगलवार और बुधवार को भी कोलकाता और आसपास के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। यह स्थिति उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्पन्न हुई है, जो अब एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो चुका है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार यह निम्न दबाव क्षेत्र अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। कोलकाता का आसमान मंगलवार को मुख्यतः बादलों से घिरा रहेगा और दिनभर छिटपुट बारिश होती रहेगी।दक्षिण 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर और बांकुड़ा में बहुत भारी बारिश की संभावना है। पूर्व बर्दवान और पश्चिम बर्दवान सहित पुरुलिया व बीरभूम जिलों के लिए भी मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है।मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मंगलवार और बुधवार को बंगाल और ओडिशा के समुद्री तटों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं। साथ ही, समुद्र भी अशांत रहेगा, जिससे नाविकों और मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सख्त चेतावनी दी गई है।इधर उत्तर बंगाल में पहले ही मानसून प्रवेश कर चुका है और इस सप्ताह पूरे उत्तर बंगाल में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मंगलवार और बुधवार को जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भारी बारिश हो सकती है। गुरुवार को जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की यह सक्रियता आने वाले दिनों में और तेज होगी, जिससे खेती किसानी को राहत तो मिलेगी, लेकिन बाढ़ या जलजमाव जैसी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।फिलहाल बंगालवासियों को अगले दो दिनों तक बारिश और तेज हवाओं से सावधान रहने की आवश्यकता है।














Users Today : 9
Users Yesterday : 14