
पुरुलिया : शुक्रवार सुबह पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में बोलेरो सवार 9 लोगों की मौत हो गई। हादसा बलरामपुर के नामशोल प्राथमिक विद्यालय के पास मोड़ पर उस वक्त हुआ, जब बोलेरो और लॉरी की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार सभी लोग कुचल गए।जानकारी के अनुसार बोलेरो में चालक सहित कुल 9 लोग सवार थे, जो झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के निमड़ी थाना क्षेत्र स्थित मुरु, लोकरी और बांदू गांव के रहने वाले थे।

सभी लोग एक विवाह समारोह से लौटकर घर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे बलरामपुर-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज गति से आ रही लॉरी ने उनकी बोलेरो को टक्कर मार दी।हादसे की सूचना मिलते ही बलरामपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो में फंसे शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बलरामपुर ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचने पर डॉक्टरों ने सभी 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया।दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही,

जिसे बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से नियंत्रित किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत बनर्जी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का संभावित कारण भारी बारिश के चलते दृश्यता का कम होना था। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं बोलेरो चालक झपकी में तो नहीं था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।स्थानीय लोग इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं। शादी की खुशियों से लौट रहे परिवारों की चिता की आग ने पूरे गांव को शोकग्रस्त कर दिया है।














Users Today : 8
Users Yesterday : 14