
बांकुड़ा : ताल डांगरा बाजार में नकली नोट के साथ खरीदारी करने पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बांकुड़ा जिले के ताल डांगरा क्षेत्र के लाल बांध गांव निवासी हैं। उनके नाम गुलाम खान और दुलाल हसन मलिक बताए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि यह मामला केवल दो व्यक्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके पीछे जाली मुद्रा का कोई संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है।
घटना शनिवार सुबह की है जब ताल डांगरा बाजार में एक दुकानदार के पास 500 रुपये का एक नोट लेकर एक युवक खरीदारी करने पहुंचा। दुकानदार को नोट की बनावट और छपाई पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत ताल डांगरा थाने को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाजार से दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया और गहन पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने दोनों की तलाशी ली, तो उनके पास से और भी कई 500 रुपये के जाली नोट बरामद हुए। नोटों की संख्या और गुणवत्ता देखकर पुलिस को यह संदेह हुआ कि इनका संबंध नकली नोटों की तस्करी करने वाले किसी बड़े नेटवर्क से हो सकता है। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि इन नोटों की छपाई कहां हुई और किन माध्यमों से ये युवक तक पहुंचे।
इस बीच पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को खातड़ा अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दूसरी ओर, आरोपियों के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताते हुए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि युवकों को फंसाया गया है और वे निर्दोष हैं।

पुलिस अब इस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए साइबर सेल और खुफिया शाखा की सहायता से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं नकली नोटों का यह मामला सीमावर्ती जिलों या अंतरराज्यीय गिरोहों से तो नहीं जुड़ा हुआ है। फिलहाल बाजार क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर तत्काल अंकुश लगाया जा सके।














Users Today : 5
Users Yesterday : 14