
आसनसोल : केंद्र सरकार द्वारा वक्फ अधिनियम में संशोधन के उद्देश्य से पारित विधेयक के विरोध में शुक्रवार को रेलपार क्षेत्र में उग्र जनाक्रोश देखने को मिला। दानिश अज़ीज़ के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने कुरैशी मोहल्ला ब्रिज से विरोध मार्च निकालते हुए बीएनआर चौराहा होते हुए एसडीओ (मुख्यालय) कार्यालय तक प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि संसद में बहुमत के बल पर अल्पसंख्यकों के धार्मिक अधिकारों को कुचलने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। दानिश अज़ीज़ ने इस विधेयक को सीधे तौर पर मुस्लिम समुदाय की धार्मिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्वायत्तता पर हमला बताया। उनका कथन था कि यह विधेयक न केवल वक्फ सम्पत्तियों की सुरक्षा को समाप्त करेगा, बल्कि इसके माध्यम से सरकार मुस्लिम समाज के धार्मिक क्रियाकलापों में हस्तक्षेप करने का अधिकार भी प्राप्त कर लेगी।

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा यदि देशभर के लोग अब भी इस विषय पर चुप्पी साधे रहेंगे। उन्होंने आसनसोल के नागरिकों, विशेष रूप से रेलपार क्षेत्र के निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करना इस बात का प्रमाण है कि जनता इस विधेयक को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।

दानिश अज़ीज़ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस विधेयक को अविलंब वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में आसनसोल से लेकर दिल्ली तक व्यापक जनांदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल आसनसोल की आवाज़ नहीं है, बल्कि समूचे देश में यह एकजुटता उत्पन्न होगी और केंद्र सरकार को लोकतांत्रिक भावना का सम्मान करना ही होगा।

प्रदर्शन के दौरान शांति बनाए रखी गई, परंतु प्रदर्शनकारियों की चेतावनी ने प्रशासन और राजनीतिक हलकों में चिंता उत्पन्न कर दी है।














Users Today : 0
Users Yesterday : 23