
आसनसोल : रविवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर संपूर्ण देश के साथ-साथ आसनसोल में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्सवपूर्वक कार्यक्रम आयोजित कर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा एवं गौरव भाव का प्रदर्शन किया। विदित हो कि वर्ष 1980 की 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी, और यह दिवस प्रत्येक भाजपाई के लिए गौरव एवं आत्मविभोर करने वाला अवसर होता है।

स्थानीय भाजपा जिला कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह के दौरान पार्टी के जिला प्रवक्ता मदन मोहन चौबे ने ध्वजारोहण कर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आसनसोल जिला भाजपा अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य के निर्देशानुसार समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मदन मोहन चौबे ने कहा कि उन्हें यह अत्यंत गौरव का क्षण प्रतीत हो रहा है कि एक साधारण पार्टी कार्यकर्ता के रूप में उन्हें संगठन के ध्वज को फहराने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक क्षमता एवं राष्ट्रहित में समर्पित कार्यप्रणाली को स्मरण करने का है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कार्यकर्ताओं में जो उत्साह, अनुशासन और समर्पण का भाव दिखाई दे रहा है, वह इस बात का संकेत है कि आगामी 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा सशक्त एवं पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उनकी मेहनत ही भाजपा को देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक शक्ति बनाती है। समारोह के अंत में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।














Users Today : 0
Users Yesterday : 23