
दुर्गापुर : पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 15 के धुंनरा प्लॉट में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दो गुटों के बीच बैनर लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए दुर्गापुर थाने की पुलिस को भारी संख्या में मौके पर तैनात किया गया।

जानकारी के अनुसार, धुंनरा प्लॉट स्थित टीएमसी कार्यालय में वार्ड के जॉइंट कन्वीनर गौरांग बागदी के समर्थकों ने एक नया बैनर लगाया, जिसमें “2 नंबर ब्लॉक, 15 नंबर वार्ड” अंकित था। इसी बैनर को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। टीएमसी के युवा उपाध्यक्ष लालटु धीवर ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय में पहले केवल “15 नंबर वार्ड” लिखा गया था, लेकिन अब उसमें ब्लॉक नंबर जोड़ना संगठनात्मक परंपरा के विपरीत है। उनका तर्क था कि किसी भी वार्ड में ब्लॉक का उल्लेख नहीं किया जाता।

लालटु का आरोप है कि उन्होंने जब इस बैनर का विरोध किया, तो गौरांग बागदी, बिट्टू सान्याल और कुछ अन्य बाहरी लोगों ने उन पर हमला कर दिया। वहीं, गौरांग बागदी ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने जो बैनर लगाया, वह संगठनात्मक पहचान को स्पष्ट करने के उद्देश्य से था। उन्होंने आरोप लगाया कि लालटु धीवर और उनके गुट के कुछ नेताओं ने पूर्व में पास के एक कार्यालय को बेच दिया था और अब वे राजनीतिक द्वेष के चलते उनकी गतिविधियों में बाधा डाल रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखित बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने दुर्गापुर की स्थानीय राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है। टीएमसी की अंदरूनी खींचतान अब सार्वजनिक मंचों पर उभरने लगी है, जिससे पार्टी की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि इस तरह की घटनाओं पर लगाम नहीं लगाई गई तो इसका असर आगामी पंचायत और नगरपालिका चुनावों पर पड़ सकता है।














Users Today : 0
Users Yesterday : 23